द फॉलोअप डेस्कः
लालपुर थाना क्षेत्र के मॉल डेकॉर के पीछे स्थित गणेश बाबू लेन के मणि गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। छात्रा की पहचान नीतू कुमारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से धनबाद के निरसा की रहनेवाली थी। घटना गुरुवार दोपहर की है। सूचना पर लालपुर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। नीतू कुमारी के घर वालों को सूचना दे दी गयी है।

काफी देर तक नहीं खोला दरवाजा
नीतू यहां हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती थी। गुरुवार को दिन के दो बजे तक वह अपने कमरे से नहीं निकली, तो लड़कियों को कुछ शक हुआ। नीतू की एक सहेली ने उसका दरवाजा खटखटाया। काफी खटखटाने के बाद भी जब कोई आवाज नहीं आयी, तो लड़कियों ने खिड़की से झांक कर देखा, कमरे के अंदर देखने पर नीतू फंदे से लटकी मिली। इसके बाद तुरंत ही इसकी सूचना लालपुर पुलिस को दी गयी। छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने छात्रा के कमरे से कई महत्वपूर्ण सामान जब्त किये हैं।

लड़कियों से पूछताछ की गई
पुलिस ने नीतू के अगल-बगल वाले कमरे में रहने वाली छात्राओं से भी बात की, लेकिन कोई महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को नहीं मिली है। शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्रा किसी से फोन में बात कर रही थी, और बात करते हुए गुस्से में उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस कॉल डिटेल भी निकाल रही है। पुलिस को छात्रा का लैपटॉप मिला है। पुलिस ने लैपटॉप को जब्त कर लिया है। हालांकि, लैपटॉप लॉक है। छात्रा का कोई आइडी कार्ड भी कमरे से नहीं मिला है। इस कारण उसके बारे में पुलिस को विशेष जानकारी नहीं मिल पायी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
