जामताड़ा:
मिहिजाम थानाक्षेत्र के लीलानगर मोहल्ले में मंगलवार को हुई एक हृदयविदारक घटना में एक गरीब परिवार का सब कुछ तबाह हो गया। अचानक लगी आग ने सोनिया मुर्मू नामक महिला के घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि सोनिया मुर्मू पिछले कई वर्षों से बासुदेव प्रसाद के मकान में किराएदार के रूप में रह रही थीं। पीड़ित महिला के अनुसार, मंगलवार को घर से अचानक धुआं उठते देख अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे कमरों को घेर लिया। इस भीषण अग्निकांड में घर के भीतर रखा फ्रिज, पंखा, टीवी, अलमारी, कपड़े और बर्तन पूरी तरह नष्ट हो गए। महिला ने बताया कि घर में रखी कुछ नकदी भी इस आग की भेंट चढ़ गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बुझाई आग
आग की भयावहता देख स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस की टीम ASI सूबेदार यादव के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद अंततः आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सोनिया मुर्मू की जीवन भर की जमा पूंजी राख के ढेर में तब्दील हो चुकी थी।

आशियाना उजड़ जाने के बाद खूब रोईं सोनिया मुर्मू
इस हादसे के बाद से सोनिया मुर्मू का रो-रोकर बुरा हाल है। सिर से छत छिन जाने और गृहस्थी उजड़ जाने के कारण परिवार के सामने अब गुजर-बसर का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना ने पूरे लीलानगर मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।