जमशदेपुर:
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थानाक्षेत्र में रविवार देर शाम तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को अपनी चपेट में ले लिया। एग्रिको सिग्नल चौक के पास हुए इस हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे ने MGM अस्पताल ले जाने के बाद दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी और मुख्य मार्ग पर करीब 1 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। मृत व्यक्ति की पहचान मानगो के डिमना स्थित चंद्रवती नगर में रहने वाले दीपक कुमार के रूप में हुई है। हादसे में दीपक कुमार के 10 वर्षीय पुत्र की भी मौत हो गई।
.jpeg)
स्कूटी सवार पिता-पुत्र को ट्रेलर ने मारी टक्कर
दुर्घटना भुइयांडीह से एग्रिको सिग्नल जाने वाले मुख्य मार्ग पर पूर्व मुख्यमंत्री के एग्रिको स्थित आवास से कुछ दूरी पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी से पिता-पुत्र जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडेड ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को मदद पहुंचाई। पिता ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। 
दुर्घटनाग्रस्त हाइवा जब्त कर चालक हिरासत में
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ अन्य माध्यमों से भी प्रयास कर रही है।

एक घंटे तक लगी वाहनों की कतार
हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और हाइवा के सड़क पर रहने के कारण करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गयी।