logo

रांची : कुत्ते ने उठाया 17 वर्षीय किशोरी की मौत से पर्दा, रेत में दफन लाश ले आया बाहर; अब कातिल की तलाश

girl_dog.jpg

दशम फॉल/रांची:

रांची के दशम फॉल थानाक्षेत्र में कुत्ते ने 17 वर्षीय किशोरी की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। कांची नदी के किनारे बालू में दफन लड़की की लाश मिली है। दिलचस्प है कि इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किसी इंसान ने नहीं किया है, बल्कि नदी तट पर एक कुत्ते की संदिग्ध हरकतों ने हत्याकांड का राजफाश कर दिया। दरअसल, कुत्ते ने बालू खोदा तो वहां से लड़की की लाश निकल आई। घटना मंगलवार की है।

जानकारी के मुताबिक चुरगी पंचायत के सारजमडीह गांव के ग्रामीण कांची नदी के किनारे पहुंचे तो देखा कि एक कुत्ता एक ही जगह पर लगातार बालू खोद रहा है। शक होने पर ग्रामीण करीब पहुंचे तो वहां मानव शरीर का हिस्सा दिखा। 

दशम थाना पुलिस ने बरामद किया शव
बालू में लाश दफन होने की बात पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। किसी ने दशम फॉल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर बालू हटाया तो वहां एक किशोरी की लाश मिली। मृतका की पहचान 17 वर्षीय हिस्सी कुमारी के रूप में हुई। मां ने शव की शिनाख्त की। बताया जाता है कि अड़की थानाक्षेत्र अंतर्गत बाड़ीगाड़ा गांव में मामा के घर पर रह रही हिस्सी करीब 1 सप्ताह से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि हिस्सी का इतना दर्दनाक अंत हो गया है। 

हत्या की वजह तलाशने में जुटी है पुलिस
पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का अनुमान है कि अपराधियों ने हत्या के बाद शव छिपाने की नीयत से शव को कांची नदी के किनारे रेत में दफना दिया। पुलिस की पहली चुनौतियो हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों की पहचान करना है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि मौत की वजह क्या है। पुलिस हत्या की वजह तलाशने में जुटी है। 
 

Tags - Jharkhand NewsDasham FallMurderMissing Girl KilledCrime News