लोहरदगा:
लोहरदगा में एक व्यक्ति की लाश टुकड़ों में मिली है। सदर थानाक्षेत्र अंतर्गत ओयना टेंगरा तालाब में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर और पैर मिला है। शख्स के हाथ और धड़ गायब है। लाश के टुकड़ों को बोरी में बंद करके तालाब में फेंका गया था। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। बताया जाता है कि मछुआरों ने सबसे पहले लाश देखी और पुलिस को सूचना दी। एक व्यक्ति का इस प्रकार कटा हुआ सिर और पैर मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जितनी मुंह, उतनी बातें हो रही है।

मछुआरों को तालाब में दिखी संदिग्ध बोरी
जानकारी के मुताबिक तालाब में मछली पकड़ने उतरे मछुआरों ने तालाब में एक संदिग्ध बोरी तैरता हुआ देखा। संदेह होने पर मछुआरों ने आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को भी फोन किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को बाहर निकलवाया, जिसे खुलवाने पर कटे हुए मानव अंग मिले। हालांकि, इसमें मृतक का पूरा शरीर नहीं था। बोरे में केवल मृतक का सिर और पैर था, हाथ और धड़ अभी भी गायब है। इस व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक की पहचान करने का प्रयास शुरू किया है।

पुलिस संभावित पहलुओं पर जांच में जुटी
पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए यह कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि शख्स की अन्यत्र हत्या करके शव यहां लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस, सभी संभावित पहलुओं को खंगालकर छानबीन में जुटी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस, आसपास के थानों में गुमशुदगी केस की जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल के आसपास भी सबूत ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।