पाकुड़:
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में सांसद विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार और लंबित कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। सांसद ने साफ कहा कि योजनाएं सिर्फ कागजों पर नहीं, जमीन पर नजर आनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को अगली बैठक से पहले दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। मनरेगा की समीक्षा में सामने आया कि पिछले 2 वर्षों में जिले में 769 डोभा, 501 ट्रेंच कम बंड और 734 कुओं का निर्माण कराया गया है। जल संरक्षण की नई योजनाओं का चयन ग्राम सभा और पंचायत स्तर पर किया जा रहा है।

जर्जर सड़कों पर जल्द मरहम लगाने का निर्देश
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में सांसद ने जिले की खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा। धरमपुर-पाकुड़ निर्माणाधीन सड़क में तेजी लाने के साथ स्वीकृत और लंबित सड़कों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। शहरी जलापूर्ति की समीक्षा में बताया गया कि 300 घरों को कनेक्शन मिल चुका है। लिट्टीपाड़ा और अमड़ापाड़ा में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाने को कहा गया। गंगाजल योजना के दूसरे चरण में क्षेत्रों को जोड़ने की जानकारी दी गई।
साहिबगंज से गंगा जल लाने के लिए इंटेक वेल का निर्माण जारी है, जिसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
9 गांवों में बिजली पहुंचाने की तैयारी
जिले के 9 गांव अभी बिजली से वंचित हैं। इन गांवों में JREDA के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की दिशा में काम चल रहा है। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने खराब ट्रांसफॉर्मर तत्काल बदलने का निर्देश दिया। सदर अस्पताल की रात्रिकालीन चिकित्सा व्यवस्था और एंबुलेंस सेवा की भी समीक्षा की गई।
12 लाभुकों को मिला योजनाओं का लाभ
बैठक के दौरान सांसद, विधायकों, उपायुक्त, एसपी, डीएफओ और जिला परिषद अध्यक्ष ने विभिन्न योजनाओं के 12 लाभुकों को स्वीकृति पत्र और परिसंपत्तियां सौंपीं। पीएम जनमन व अबुआ आवास, पोषण किट, किसान समृद्धि योजना तथा क्रिकेट, साइकिल और कबड्डी किट का वितरण किया गया। जेएसएलपीएस के माध्यम से 2 लाभुकों को 3.27 करोड़ रुपए के सीएलएफ फंड से संबंधित लाभ भी दिया गया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों को सांसद के निर्देशों का शत-प्रतिशत और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विधायक हेमलाल मुर्मू, प्रोफेसर स्टीफन मरांडी,निशात आलम,एसपी अनुदीप सिंह, डीएफओ सौरभ चंद्रा समेत जिले के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।