द फॉलोअप, रांची
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 27 जून को राज्य स्तरीय Digital Creators Meet 2026 का आयोजन किया है। Digital Voices for an Informed Democracy थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी का प्रसार, भ्रामक सूचनाओं का निराकरण और जिम्मेदार डिजिटल संवाद को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से झारखंड के डिजिटल क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, ब्लॉगर, वीडियो ब्लॉगर और स्टोरीटेलर्स को एक साझा मंच प्रदान किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज पर उपलब्ध गूगल लिंक के माध्यम से इच्छुक प्रतिभागी अपना पंजीकरण करा सकेंगे। कार्यक्रम 27 जून 2026 (शनिवार) को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रांची में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के लिए विभिन्न माध्यमों और श्रेणियों से कुल 80 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयन डिजिटल रीच, प्रमाणिक प्रोफाइल, गुणवत्तापूर्ण कंटेंट और सामाजिक प्रभाव के आधार पर किया जाएगा। वहीं, अन्य इच्छुक क्रिएटर्स को ऑनलाइन माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर मिलेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने सभी इच्छुक डिजिटल एवं कंटेंट क्रिएटर्स से 25 जून 2026 तक पंजीकरण कराने की अपील की है। निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। यह पहल निर्वाचन संबंधी सही जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
.jpg)