डेस्क:
कोरोना महामारी के बीच अब दुनिया पर मंकीपॉक्स का खतरा मंडरा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 11 देशों में मंकीपॉक्श के 80 मामलों की पुष्टि की है। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि उनके वैज्ञानिकों की टीम फिलहाल बीमारी के लक्षणों तथा कारणों को समझने का प्रयास कर रही है। शुक्रवार को जारी एक बयान में डब्ल्यूएचओ ने बताया कि पहले ये वायरस कुछ जानवरों में दिखा और स्थानीय लोगों और यात्रियों में भी इस वायरस से संक्रमित होने के लक्षण दिखे।

मंकीपॉक्स के लक्षणों पर रिसर्च जारी
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि वो सहयोगी संस्थाओं के साथ मंकीपॉक्स के लक्षणों तथा कारणों के बारे में बेहतर समझ विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि फिलहाल 11 देशों में इस वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की गई है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि अब तक 80 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 50 अन्य संदिग्धों को अंडर ऑब्जर्वेशन रखा गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि अभी तक के शोध में पता चला है कि मंकीपॉक्स, कोरोना वायरस के मुकाबले अलग तरीके से फैल रहा है। डब्ल्यूएचओ ने लोगों से सतर्क औऱ जागरूक बने रहने के लिए कहा है। लोकल हेल्थ अथ़ॉरिटी के संपर्क में बने रहने को कहा है।
वायरल जूनोसिस है मंकीपॉक्स संक्रमण
दरअसल, मंकीपॉक्स एक वायरल जूनोसिस है। ये जानवरों से इंसान में फैलता है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक मंकीपॉक्स के लक्षणों में बुखार, शरीर में चकते, हल्की सर्दी औऱ सरदर्द जैसे लक्षण हैं। संक्रमित होने के 2 से 4 हफ्तों में वायरस के लंक्षण उभरकर सामने आते हैं। केंद्र सरकार ने मंकीपॉक्स को लेकर नेशनल सेंटर फॉर डिजिज कंट्रोल (NCDC) और इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) को अलर्ट कर दिया है। इन दोनों संगठनों से कहा गया है कि वे मंकीपॉक्स के लक्षणों पर निगाह रखें।

कोरोना के बीच मंकीपॉक्स का खतरा
गौरतलब है कि बीते 2 साल से पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपनी नई रिपोर्ट में दावा किया है कि कोरोना महामारी की वजह से दुनिया भर में कम से कम डेढ़ करोड़ लोगों ने जान गंवाई। इस बीच मंकीपॉक्स की दस्तक ने नए खतरे को जन्म दिया है। फिलहाल 11 देशों में मंकीपॉक्स से संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है।