द फॉलोअप डेस्क:
बिहार की सम्राट सरकार में उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर के आवास पर करीब 80 लाख रुपये की चोरी हुई है। वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब मंत्री का पूरा परिवार छठ मनाने गांव गया था। बताया जाता है कि चोरों ने बंद पड़े मकान से 80 लाख रुपये के कैश और ज्वेलरी की चोरी की है। चोरों ने मकान से 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी के आभूषण और 7 लाख रुपये की नकदी चुरा ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जहां चोरी हुई है, वह मंत्री संजय सिंह टाइगर का निजी मकान है।

एजी कॉलोनी स्थित मकान संख्या B-2 की घटना
चोरी की इस वारदात को पटना के एजी कॉलोनी स्थित मकान संख्या B-20 में अंजाम दिया गया है। वारदात के समय घर में कोई नहीं था। बताया जाता है कि मंत्री संजय सिंह टाइगर का परिवार छठ महापर्व मनाने बाहर गया हुआ था। चोरों ने घर में घुसकर कमरों और आलमारियों का ताला तोड़ा। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेटकर फरार हो गए। कुल 80 लाख रुपये की संपति की चोरी हुई है।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना भी किया है
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। एसडीपीओ सचिवालय-2 साकेत कुमार का कहना है कि मंत्री के पैतृक आवास एकांत में बना है। घटना की रात आसपास के कई घर भी खाली थे, जिसकी वजह से किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। गौरतलब है कि यह इलाका शास्त्रीनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत IGIMS टीओपी-2 के अंतर्गत आता है। हैरानी की बात है कि रात्रि गश्ती दल ड्यूटी पर था, बावजूद इसके चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी कैमरे की सहायता से चोरों का सुराग ढूंढ़ने की कोशिश में लगी है। मानवीय स्त्रोतों का भी सहारा लिया जा रहा है।