द फॉलोअप डेस्कः
बोकारो जिले में नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। जानकारी के अनुसार 209 कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन के जवानों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में 8 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। यह मुठभेड़ जिले में लालपनिया इलाके के लुगु हिल्स में सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुई है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 5 के शव बरामद किए जा चुके हैं। मारे गए नक्सलियों में से कई के इनामी होने की भी सूचना है। मुठभेड़ एक करोड़ के इनामी नक्सली विवेक के दस्ते के साथ हुई है। मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए।
बोकारो के लुगू पहाड़ की तलहटी में मुठभेड़
झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों के एक बड़े दल के इलाके में भ्रमनशील होने की सूचना पर अभियान के लिए निकले सुरक्षा बलों पर नक्सलियों ने फायरिंग की। जिसके बाद जवाबी हमले में झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों ने नक्सलियों के खिलाफ फायरिंग की। मुठभेड़ में नक्सलियों को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि 8 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। हालांकि अभी तक 5 के शव बरामद किए जा चुके हैं। झारखंड पुलिस की जानकारी के अनुसार फिलहाल मुठभेड़ जारी है।