द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड के केवना गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां कोरवा जनजाति के 7 लोगों के साथ मारपीट की गयी है। ग्रामीणों ने इन सभी पर डायन-बिसाही सीखने का आरोप लगाया और पंचायत के बाद उन्हें घर से बाहर निकालकर पीटा।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है। बताया जा रहा है कि गांव में पंचायत बैठाई गयी थी, जो देर रात तक चली। पंचायत के बाद सातों लोगों को उनके घरों से खींचकर बाहर लाया गया और फिर उनके साथ जमकर मारपीट की गयी। इन पीड़ितों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। सभी की उम्र 35 से 60 साल के बीच है।
मामले की जानकारी मिलते ही शनिवार को कुरूमगढ़ थाना की पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने पीड़ितों से बात की और उनके बयान दर्ज किए। गुमला एसपी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और इस मामले में 17 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। पीड़ितों का कहना है कि वे सभी रिश्तेदार हैं और अक्सर प्रार्थना सभा में शामिल होते हैं। इसी वजह से कुछ ग्रामीणों ने उन पर शक किया कि वे डायन-बिसाही सीख रहे हैं, जिससे गांव में अनहोनी हो सकती है। इसी शक के आधार पर हमला किया गया। इस हमले में 2 लोगों को गंभीर चोटों आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।