logo

लोहरदगा रेलवे स्टेशन से 7 मानव तस्कर गिरफ्तार, 34 लोगों को किया गया रेस्क्यू

लोहरदगा रेलवे स्टेशन से 7 मानव तस्कर गिरफ्तार, 34 लोगों को किया गया रेस्क्यू

द फॉलोअप डेस्कः
लोहरदगा पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में सात मानव तस्करों को पकड़ा गया है। इन तस्करों की गिरफ्तारी लोहरदगा रेलवे स्टेशन से हुई है। ये तस्कर कुल 34 मजदूरों को लेकर त्रिपुरा, यूपी और बिहार के अलग-अलग स्थानों में जा रहे थे। जिन लोगों को मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है, उनमें एक दस साल की बच्ची, एक 13 साल का बालक ओर दो महिला भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों में लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के रघुटोली निवासी सुखदेव भगत का पुत्र विनोद भगत, सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव निवासी स्व. विश्राम असुर का पुत्र सुरेश असुर, सेन्हा थाना क्षेत्र के डांडू करंज टोली गांव निवासी किशुन लोहरा का पुत्र दिलीप लोहरा, सेन्हा थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी तफेजुल हक का पुत्र अजारुल हक, गुमला जिला के सिसई थाना क्षेत्र के पानीलता गांव निवासी अमरु गोप का पुत्र सुरेंद्र गोप, सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के तुरियाडीह गांव निवासी सोहराई उरांव का पुत्र जगेश्वर उरांव और गुमला जिला के पुसो थाना क्षेत्र के लदा गांव निवासी भवले उरांव का पुत्र नेपाली उरांव शामिल है। 


एसपी हारिस बिन जमां को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की की अगुवाई में की गई है। मजदूरों को त्रिपुरा के अगरतला ईंट भट्ठा, उतर प्रदेश के जौनपुर ईंट भट्ठा, बिहार के सासाराम स्थित ईंट भट्ठा में ले जाया जा रहा था। एसपी हारिस बिन जमां ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक टीम बनाई गई सूचना कुछ इस प्रकार थी कि, कुछ मजदूरों का उसमें कुछ पुरुष महिला और नाबालिग बच्चे भी थे, उनकी अवैध मानव तस्करी की जा रही थी। इस सूचना पर एक टीम बनाई गई जिसको डीएसपी मुख्यालय नेतृत्व कर रहे थे।


लोहरदगा में जो आरपीएफ की टीम है उसका सहयोग मिला। लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर छापेमारी की गई और छापेमारी के पश्चात वहां पर तकरीबन 34 लोगों को रेस्क्यू किया गया। जिनकी अवैध मानव तस्करी की जा रही थी। उसमें ज्यादातर लोग काफी गरीब परिवार से आते हैं। उनमें पुरुष भी हैं महिलाएं भी और कुछ नाबालिग बच्चे भी हैं। तस्करी करने वालों का एक गिरोह संभवतः प्रतीत होता है। सात एजेंट को पकड़ा गया है। आज उन सातों को जेल भेजा जा रहा है।