logo

जामताड़ा में दिनदहाड़े 60 हजार की लूट, युवक पर जानलेवा हमला

AFSAR.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमलाकर 60,000 की लूट की गई। घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के बुधुडीह गांव में हुई जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अफसर अंसारी नामक युवक अपनी चार पहिया वाहन से जामताड़ा से बुधुडीह की ओर घर लौट रहा था। इसी दौरान, हमलावरों ने उसकी गाड़ी को रोककर लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किया। इस हमले में अफसर अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने न केवल युवक को पीटा, बल्कि उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की और गाड़ी में रखे 60,000 नकद लूटकर फरार हो गए।


घायल अफसर के पिता, इस्लाम अंसारी ने बताया कि जब उनके बेटे ने शोर मचाया तो आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले। घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोगों ने घायल युवक को जामताड़ा के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। फिलहाल, घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। 


इस घटना के बाद, पीड़ित परिवार ने जामताड़ा थाना में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में फिरोज अंसारी, मंटू अंसारी, इमरान अंसारी, तैयब अंसारी और अनवर अंसारी शामिल हैं, जो सभी बुधुडीह के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने जामताड़ा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवालिया निशान लगा दिया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।