शेखपुरा:
6 नाबालिग बच्चों ने 2 नाबालिग बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों की उम्र 9 से 12 वर्ष के बीच है। पीड़िता बच्चियों की उम्र 9 वर्ष है। पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ा है। बाकियों की तलाश की जा रही है। आरोपी नाबालिगों ने पुलिस को दिए इकबालिया बयान में कहा है कि उन्होंने मोबाइल में वीडियो देखकर घटना को अंजाम दिया।

बिहार के शेखपुरा का है मामला
नाबालिग बच्चों द्वारा नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की ये सनसनीखेज वारदात बिहार के शेखपुरा जिले का है। मामले में एक पीड़िता की दादी ने प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। दादी ने दर्ज प्राथमिकी में बताया था कि उसकी 9 वर्षीय पोती सहेली के साथ बथुआ साग तोड़ने गई थी। जब वो घर लौटी तो उसकी हालत देख परिवार वाले हैरान रह गये। पूछने पर घटना का पता चला।

जान-पहचान के हैं सभी आरोपी
दादी का ये भी आरोप है कि आरोपियों में से एक लड़का उनके पड़ोस में रहता है। जब वो उसकी शिकायत लेकर गई तो परिवार वालों ने गाली-गलौच कर भगा दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। सुबह गांव वालों ने 2 लड़कों को पकड़ा। ग्रामीण ही आरोपियों को लेकर थाने पहुंचे।
गंदी फिल्म देख कर किया ऐसा
थाना प्रभारी जयशंकर मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। 2 नाबालिग पुलिस की अभिरक्षा में हैं। बाकियों की तलाश जारी है। पुलिस को आरोपियों ने बताया कि मोबाइल में गंदी फिल्म देखकर उन्होंने ऐसा किया। पीड़िताओं का मेडिकल करवाया जा रहा है।