द फॉलोअप डेस्क
विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के तत्वावधान में रविवार को सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ। कांके के सुकूरहुटू स्थित गौशाला प्रांगण में आयोजित सामूहिक विवाह सह वात्सल्य उत्सव में 51 जोड़े सात जन्मों के रिश्ते में बंध गए। सभी जोड़ों को गृहस्थी के सामग्री एवं सामानों के साथ- साथ विवाह का प्रमाण पत्र दिया गया। मालूम हो कि 51 में से 26 जोड़ों की शादी समाजसेवी मुरारी अग्रवाल एवं सरोज अग्रवाल तथा पुत्री नेहा अग्रवाल, दामाद प्रवीण अग्रवाल के विवाह वर्षगांठ व 25 जोड़ो का शादी राजीव केडिया मुन्ना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर उपहार भेंट की गई। झारखंड के विभिन्न जिलों से आए सभी 51 नवविवाहित जोड़ो का विवाह पूरे रस्मो, बारात, वरमाला, फेरों एवं वैदिक मंत्रोचार के साथ संपन्न हुआ। मालूम हो कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह गोसेवा के साथ हुआ।

200 दिव्यांगों-विशेष प्रतिभावना बच्चों को किया गया पुरस्कृत
वात्सल्य उत्सव में अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति और 200 दिव्यांग जनों एवं विशेष प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत किया गया है। दिव्यांगों को व्हीलचेयर्स, एल्बो, छड़ी, वैशाखी, वाकर आदि दी गई। वहीं, वृद्धाश्रम से आए वृद्ध जनों को सेवा देते हुए सम्मानित किया गया। वात्सल्य उत्सव में आए 40 किन्नरों को भी सम्मानित किया गया। बताते चलें कि उत्सव में छऊ नृत्य मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कई स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग नृत्य- संगीत से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मौके पर विहिप सेवा विभाग के प्रांतीय मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता संजय सर्राफ, विहिप प्रांत मंत्री डॉ. वीरेंद्र साहू, सेवा विभाग के प्रांत सहप्रमुख अशोक कुमार अग्रवाल, विहिप के केंद्रीय पदाधिकारी जगरनाथ शाही, महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी, मुरारी अग्रवाल, मधुसूदन बुधिया, राजीव केडिया, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, प्रदीप राजगढ़िया, ओपी अग्रवाल, मुकेश काबरा, भानु प्रकाश जालान, बसंत कुमार मित्तल, रवि शंकर शर्मा और संजय सर्राफ आदि उपस्थित थे।
