द फॉलोअप डेस्कः
बिहार में 15 मार्च को हो रहे शिक्षक नियुक्ति परीक्षा को लेकर हजारीबाग एक होटल में रुके 250 से अधिक परीक्षार्थियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी छात्र बिहार के विभिन्न जिलों से हजारीबाग पहुंचे थे। हजारीबाग से बरामद सभी सैंपल का मिलान हो गया है। परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। अधिकतर छात्रों का सेंटर बिहारशरीफ, बेगुसराय, पटना, नवादा और गया बताया जा रहा है। छात्रों को पहले हजारीबाग़ लाया गया और प्रश्नपत्र देकर उनका उत्तर याद करवाया गया।

5 मास्टरमाइंड गिरफ्तार
छात्रों को पेलावल स्थित एक बैंक्वेट हॉल में ठहराया गया था। परीक्षा के दिन सुबह तीन बजे सभी छात्रों को अलग-अलग केंद्रों पर ले जाया जा रहा था। तभी पुलिस को इसकी जानकारी मिली और बड़ा ऑपरेशन चलाया गया। बरही से 90, पेलावल से 70, पदमा से 80, कोर्रा से 15 और कटकमसांडी से 15 अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया है। पांच मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार किया गया है।

छात्रों को प्रश्नपत्र रटवाया गया था
इनके पास से प्रश्नपत्र, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर, पेन ड्राइव बरामद किया गया है। इन पांचों मास्टरमाइंडों ने छात्रों को प्रश्नपत्र मुहैया कराए थे। अधिकारी ने यह भी बताया कि गुरुवार को ही आर्थिक अपराध इकाई पटना को सूचना मिली थी कि हजारीबाग में प्रश्नपत्र लीक हो गया है। हजारीबाग पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से छात्रों को हिरासत में लिया है। छात्रों को हजारीबाग नगवां टोल प्लाजा, नगवां टोल प्लाजा और होटल से पकड़ा गया गया।

छात्रों को ले जाया गया पटना
हिरासत में लिए गए छात्रों को पटना ले जाया गया है, जहां उनका सत्यापन किया जायेगा। उनके आधार कार्ड का मिलान एडमिट कार्ड से किया जाएगा। जो भी छात्र इसमें शामिल पाया जाएगा उसके खिलाफ विभाग कार्रवाई करेगा। इस मामले में अभी भी पटना और इसके आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। कहा जा रहा है कि एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश होने वाला है। रात करीब 12 बजे अभ्यर्थियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पटना ले जाया गया। जहां वरिष्ठ अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी के नेमप्लेट वाला गाड़ी बरामद
इस पूरी मामले में बिहार के एक वरिष्ठ अधिकारी के नेमप्लेट की एक गाड़ी भी जब्त की गई है। उस कार के बारे में बैंक्वेट हॉल संचालक ने बताया कि वह किराए की कार है। वह प्लेट किराये के समय लगाई गई थी, जिसे हटाया नहीं गया है। आर्थिक अपराध टीम गाड़ी को भी जब्त कर पटना ले जा रही है. ताकि इस मामले का भी पर्दाफाश हो सके। पूरे मामले में पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। जो कि नालंदा और पटना के बताये जा रहे हैं. जिसमें एक ड्राइवर भी शामिल है। विभाग इन सभी से पूछताछ करेगा।