पलामू:
Plamu News: पलामू जिले में पिछले 24 घंटे के भीतर पांच अलग-अलग हादसे हुए हैं। इन हादसों में दो महिलाओं समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक राजद नेता और एक पूर्व सैनिक का बेटा भी शामिल हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए इन हादसों के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
सड़क हादसे में पूर्व सैनिक के बेटे की मौत
पलामू के सदर थाना क्षेत्र में सिंगरा और जोड़ के बीच NH-139 पर हुए सड़क हादसे में पूर्व सैनिक के बेटे खुशदिल शुक्ला की मौत हो गई। खुशदिल शुक्ला बाइक से कहीं जा रहे थे, इसी दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, बुधवार देर शाम सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया इलाके में हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-139 को करीब डेढ़ घंटे तक जाम रखा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। मृतक महिला लातेहार जिले के मनिका की रहने वाली थी।
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव बरामद
मेदिनीनगर के टाउन थाना क्षेत्र के बैरिया में पूजा देवी नाम की महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतका के पिता ने उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है।
टैंकर पलटने और बाइक दुर्घटना में दो लोगों की मौत
चैनपुर थाना क्षेत्र के बोडी में पानी का टैंकर पलटने से पचू चौधरी नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, हैदरनगर थाना क्षेत्र के बडंडा में बाइक दुर्घटना में राजद नेता नसीम खान की जान चली गई। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।