गिरिडीह
गिरिडीह जिले में गुरुवार सुबह डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा के समीप नेशनल हाईवे पर तीन ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हुई. इसके तुरंत बाद वाहनों में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीनों ट्रक धूं-धूं कर जलने लगे और आसमान में धुएं का गुबार छा गया.
कोयला लादे तक को पीछे से मारी गई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोयला लदी एक मिनी ट्रक सड़क से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. इस भिड़ंत के कारण दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई. दुर्भाग्यवश, आग की लपटों ने पास ही खड़े एक तीसरे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्थिति और भी विकराल हो गई.
चालक और खलासी जिंदा जल गए
इस हादसे में मिनी ट्रक में सवार चालक और खलासी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे वाहन के भीतर ही जिंदा जल गए. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग भी उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके. फिलहाल, अधिक जलन और मलबे के कारण दोनों के शवों को बाहर नहीं निकाला जा सका है.
दमकलकर्मियों ने आग पर पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही डुमरी पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और शवों को निकालने व क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा.