logo

अच्छी खबर : दुमका की 3 लड़कियां थल सेना कैंप के लिए चयनित, उपायुक्त ने दी बधाई  

दुमका की 3 लड़कियां थल सेना कैंप के लिए चयनित, उपायुक्त ने दी बधाई  

दुमकाः

04 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी के तीन कैडेट्स का नई दिल्ली में होने वाले थल सेना कैंप के लिए सिलेक्शन हुआ है। तीनों गर्ल्स कैडेट्स एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय काठीजोरिया दुमका की हैं। शनिवार को उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने दिल्ली कैंप के लिए चयनित एनसीसी कैडेट सेवेनशीला मुर्मू, सुप्रिया और जूली से  अपने कार्यालय में बुलाकर मुलाकात की। उपायुक्त ने तीनों को बधाई दी और दिल्ली में भी बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। उपायुक्त ने संथाली भाषा में.गर्ल्स कैडेट्स से बातचीत की। उन्होंने अपना फोन नंबर देते हुए कहा कि उन्हें कोई भी कठिनाई हो, दिल्ली जाने के लिए किसी चीज या किसी तरह के सहयोग की जरूरत हो तो वे उन्हें बिना किसी झिझक के फोन कर सकती हैं। 


गरीब परिवारों से ताल्लुक रखती हैं लड़कियां 
लेफ्टिनेंट सुमिता सिंह ने उपायुक्त को बताया कि सुदूर ग्रामीण इलाकों से और गरीब परिवारों से आनेवाली आदिवासी और आदिम जनजाति छात्राएं एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय में बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के साथ ही खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और एनसीसी में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। एकलव्य विद्यालय की गर्ल्स कैडेट्स ने राज्य में पहली बार विद्यालय आगमन पर तत्कालीन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया था। एनसीसी के कैम्प में भी विद्यालय की कैडेट्स बेहतरीन प्रदर्शन करती रही हैं। विशेषकर फायरिंग में अचूक निशानेबाजी से इन गर्ल्स कैडेट्स ने राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवाया है। मौके पर 04 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी के सुबेदार मेजर एंटोनी एजी भी मौजूद थे। 


निशानेबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया है 
04 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल रणधीर सिंह ने बताया कि पहले धनबाद और फिर रामगढ़ कैंट में आयोजित थल सेना कैम्प में एकलव्य विद्यालय काठीजोरिया की इन तीनों गर्ल्स कैडेट्स ने निशानेबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया है जिसके आधार पर इनका दिल्ली में होनेवाले कैंप के लिए चयन हुआ है। उम्मीद है कि दिल्ली कैम्प में भी ये गर्ल्स कैडेट्स अपना. सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी और बटालियन के साथ ही अपने विद्यालय, जिला और राज्य का नाम रौशन करेंगी। एकलव्य माँडल आवासीय विद्यालय काठीजोरिया की प्राचार्या श्रीमती करुणा शर्मा ने एनसीसी के दिल्ली कैम्प के लिए हुए सलेक्शन पर विद्यालय की तीन छात्राओं एवं एएनओ को ढेर सारी बधाई दी है।