द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। ऑपरेशन के दौरान जंगल में लगाए गए 2 IED बम बरामद किए गए, जिन्हें बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र के वनग्राम डिकू पोंगा और हथना बेरा के पहाड़ी इलाके की है। नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए जंगल में पहले से ही बम लगा रखा था, लेकिन समय रहते पुलिस और सुरक्षा बलों ने इसे बरामद कर लिया और उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह जारी रहेगा। भाकपा संगठन के कई शीर्ष नक्सली नेता मिसिर बेसरा, अनमोल मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं। इनकी विध्वंसक गतिविधियों को रोकने के लिए चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की कई बटालियन मिलकर ऑपरेशन चला रही हैं।