द फॉलोअप डेस्क
14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। यह याचिका राजेश प्रसाद की ओर से दाखिल की गई है। याचिका में कट-ऑफ अंक जारी करने की प्रक्रिया, ओएमआर शीट अपलोड करने में कथित अनियमितताओं और परीक्षा परिणाम में अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं होने जैसे मुद्दे उठाए गए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा के 418 अभ्यर्थियों के चयन पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। याचिका में परीक्षा प्रक्रिया में अन्य कथित खामियों का भी उल्लेख किया गया है।
बुधवार को मामले की आंशिक सुनवाई के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने विस्तृत सुनवाई के लिए गुरुवार की तिथि निर्धारित की है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की अदालत में होगी। प्रार्थी राजेश प्रसाद ने बताया कि वह इस मामले में अदालत के समक्ष स्वयं अपना पक्ष रखेंगे।
याचिका में 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की न्यायिक समीक्षा करते हुए परीक्षा रद्द करने और कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की गई है।
