logo

14वीं JPSC गड़बड़ी मामले में CID ने हजारीबाग के 2 सगे भाइयों को हिरासत में लिया

Screenshot_2026-08-04_092004.jpg

रांची
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने रविवार देर रात से सोमवार दोपहर तक राज्यभर में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। रांची, पलामू, बोकारो, हजारीबाग और धनबाद समेत 18 ठिकानों पर की गई इस कार्रवाई में जेपीएससी के पूर्व सदस्य सानंद प्रकाश और अभय तिवारी सिंडिकेट से जुड़े लोगों के ठिकानों को खंगाला गया। जांच के दौरान सीआईडी ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, बैंक पासबुक, चेकबुक, अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्ड और अंकपत्र बरामद किए। वहीं हजारीबाग से अभय तिवारी के करीबी बताए जा रहे प्रदीप यादव और लालू यादव  दोनों सगे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 
रांची में नामकुम और धुर्वा स्थित आवासों की तलाशी
रांची में सीआईडी की टीम ने अभय तिवारी के पूर्व सहयोगी आदित्य पांडेय के नामकुम स्थित आवास पर छापेमारी की। जांच के दौरान पता चला कि आदित्य की बहन ने भी 14वीं जेपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की है। सीआईडी ने उससे ओएमआर शीट उपलब्ध कराने को कहा, लेकिन वह इसे प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके अलावा धुर्वा सेक्टर-2 स्थित शिक्षक पंकज के घर पर भी तलाशी ली गई। बोकारो सेक्टर-3 में पूर्व जेपीएससी सदस्य सानंद प्रकाश के सरकारी आवास की भी गहन जांच की गई। वहीं अभय तिवारी के भाई अक्षय से भी ओएमआर शीट मांगी गई, लेकिन वह भी इसे उपलब्ध नहीं करा सके।
कोचिंग सेंटरों की भूमिका भी जांच के दायरे में
सीआईडी ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराने वाले एक कोचिंग संस्थान में भी छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में एजेंसी को संकेत मिले हैं कि कुछ कोचिंग संस्थानों के माध्यम से अभय तिवारी अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का झांसा देता था और इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूल की जाती थी। इसी आधार पर अब जांच एजेंसी कोचिंग सेंटरों की संभावित भूमिका की भी गहराई से पड़ताल कर रही है।
भर्ती एजेंसियों से मांगे गए अभय तिवारी के रिकॉर्ड
जांच को आगे बढ़ाते हुए सीआईडी ने परीक्षा संचालन एजेंसी टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर रहे और बाद में सीजीएल के माध्यम से चयनित अभय तिवारी से संबंधित सभी भर्ती अभिलेख राज्य और केंद्र की विभिन्न परीक्षा एजेंसियों से मांगे हैं। इनमें आवेदन पत्र, मूल्यांकन रिकॉर्ड, चयन प्रक्रिया का विवरण और अन्य संबंधित दस्तावेज शामिल हैं।
कई प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर चुका है अभय तिवारी
सीआईडी की जांच में सामने आया है कि अभय तिवारी ने वर्ष 2013 में भारतीय नौसेना (नेवी) की लिखित परीक्षा, 2014 में भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC), एनसीएल और आईआरबी कांस्टेबल की लिखित परीक्षाएं, 2018 में दारोगा भर्ती परीक्षा के अलावा जेएसएससी की पीजीटी शिक्षक और सीजीएल परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। इसके साथ ही उसने जेपीएससी की एसीएफ, एफआरओ, एफएसओ तथा 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षाएं भी पास की थीं। इन सभी परीक्षाओं से जुड़े रिकॉर्ड अब सीआईडी की जांच का हिस्सा हैं।

Tags - Jharkhand News JPSC CID Investigation Exam Scam Recruitment Irregularities