logo

डुमरी महासंग्रामः : जैप, IRB और SIRB के 1440 जवानों की होगी प्रतिनियुक्ति, इस तरह से बनाए गये हैं मतदान केंद्र

वददूप.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
डुमरी उपचुनाव होने में अब बहुत कम दिन रह गये हैं। 5 सितंबर को चुनाव होना है। शांतिपूर्ण चुनाव हो इसके लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है। जिस दिन मतदान होना है उस दिन भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। जानकारी के मुताबिक उस दिन कुल 1440 जवानों की तैनाती हुई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से तमाम निर्देश जारी कर दिए गये हैं। वोटिंग के दिन जैप,आईआरबी और एसआईआरबी के जवानों की तैनाती रहेगी। इनके सभी वाहिनियों से कुल 20 इको कंपनी होगी। हर कंपनी में 72 जवान होंगे। सभी वाहिनी के कमांडेंट को आदेश दिया गया है कि अपने-अपने वाहिनी मुख्यालय में सभी सुरक्षा उपकरण, मैन पैक, मेडिकल किट और मेस व्यवस्था के साथ तैयार रहेंगे। 


2,98,627 मतदाता करेंगे वोट
गौरतलब है कि डुमरी में 199, नावाडीह प्रखंड में 129 और चंद्रपुरा प्रखंड में 45 मतदान केंद्रों में 5 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से कराने के लिए अलग-अलग सेक्टर  बनाया गया है। जिसमें 20 सेक्टर नावाडीह और 7 सेक्टर चंद्रपुरा में है। कुल 373 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इनमें से कई ऐसे बूथ हैं जो अतिसंवेदनशील हैं। मतदान केंद्र के भवनों की कुल संख्या 240 है। इस उपचुनाव में 2,98,627 मतदाता वोट देंगे। जिसमें डुमरी में 159596, नावाडीह में 102736 तथा चंद्रपुरा प्रखंड में 36295 मतदाता हैं।

दोनों पार्टी लगा रही पूरा जोर

मालूम हो कि उपचुनाव को लेकर प्रचार प्रसार का दौर जारी है। बड़े-बड़े नेताओं का सभा किया जा रहा है। एक तरफ इंडिया प्रत्याशी बेबी देवी हैं तो दूसरी तरफ यूपीए प्रत्याशी यशोदा देवी हैं। एक तरफ सीएम हेमंत सोरेन बेबी देवी के लिए समर्थन मांग रहे हैं तो दूसरी तरफ खुद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और आजसू नेता सुदेश महतो सभा कर रहे हैं। डुमरी विधानसभा के उपचुनाव के लिए झामुमो के अध्यक्ष शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत 36 नेता प्रचार करने में जुटे हैं। गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद से यह सीट खाली है, हालांकि उपचुनाव से पहले ही उनकी पत्नी बेबी देवी को मंत्री बना दिया गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N