द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में आयोजित सांसद खेल महोत्सव-2025 के तहत पलामू संसदीय क्षेत्र में भव्य खेल आयोजनों का सफल आयोजन किया गया। इस महोत्सव में पलामू एवं गढ़वा जिले से कुल 12,208 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से लगभग 4,052 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी निभाई।
सांसद खेल महोत्सव-2025 का शुभारंभ 2 नवंबर 2025 को शिवाजी मैदान, मेदिनीनगर से पुलिस स्टेडियम तक आयोजित हाफ मैराथन के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न चरणों में फुटबॉल, कराटे, गटका, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, जूडो एवं खो-खो जैसी प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।.jpeg)
फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार 24 दिसंबर को प्रातः 10 बजे पुलिस स्टेडियम, मेदिनीनगर में खेला जाएगा। वहीं महोत्सव का समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह 25 दिसंबर 2025 को सुशासन दिवस के अवसर पर प्रातः 10 बजे मेदिनीनगर टाउन हॉल में आयोजित होगा, जिसमें लगभग 4,052 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।.jpg)
यह आयोजन देशभर में एक साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर सांसद ने स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हाफ मैराथन, चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, सूई-धागा दौड़ एवं कबड्डी जैसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेकर महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की है।
सांसद ने आगे कहा कि खिलाड़ियों का अदम्य साहस, अनुशासन और खेल भावना अत्यंत प्रेरणादायक रही। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री के उस विजन को साकार करता है, जिसमें खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। स्वस्थ भारत, खेलो भारत, फिट इंडिया और खेलो इंडिया अभियानों के अनुरूप यह महोत्सव युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है।