logo

12 चेकपोस्ट बने, मॉनिटरिंग कमेटी बनी, मगर नहीं रुक रहा कोयले का अवैध खनन-परिवहन

473.jpg

सरफराज कुरैशी. रांची
राज्य में इन दिनों अवैध खनन और परिवहन एक चर्चित नाम बन चुका है। इस मामले में ईडी की जांच भी जारी है। इस अवैध उत्खनन के खेल में नेता, कारोबारी और अफसरों के नाम सामने चुके हैं। मगर यह खेल अभी भी जारी है। जबकि, रांची जिला प्रशासन ने अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए एक मॉनिटरिंग कमेटी गठित की थी। तत्कालीन डीसी छवि रंजन के आदेश पर इस कमेटी में दो एसडीओ, चार डीएसपी और माइनिंग ऑफिसर को रखा गया था। जहां से अवैध उत्खनन हो सकता है वैसे प्वाइंट को चिह्नित कर 12 चेकपोस्ट बनाए गए। सभी चेक पोस्ट पर 24 घंटे मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी। उद्देश्य साफ था कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी हाल में नहीं होने देना है। मगर यह सब कागज पर ही सिमट गया है।

चेकपोस्ट से आखिर कैसे निकल रहा कोयला
अवैध खनन और परिवहन का खेल रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसका प्रमाण है कि आखिर खलारी थाना क्षेत्र में चेकपोस्ट बनाए जाने के बावजूद बीते वर्ष चान्हो थाना क्षेत्र में कोयला लदे करीब दर्जन भर वाहनों को ग्रामीण एसपी के द्वारा छापेमारी कर पकड़ा था। आखिर कैसे इन इलाकों के अवैध ईंट भट्टों की चिमनियां धुआं उगल रही है? मतलब साफ है कि अवैध खनन का ये खेल बदस्तूर जारी है। दूसरी ओर सीआईसीएफ की मिलीभगत से सीसीएल को करोड़ों रुपए की चपत तस्कर लगा रहे हैं। यहां के कोयले को चान्हो, बुढ़मू और मांडर आदि क्षेत्रों के होटलों और ईंट भट्टे में सप्लाई हो रही है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से बनाई गई मॉनिटरिंग कमेटी चेकपोस्ट फाइल में ही नजर रही है।

यह भी पढ़ें : अवैध खनन मामला : साहिबगंज डीसी से 7 घंटे पूछताछ के बाद ईडी ने छोड़ा, 6 फरवरी को फिर बुलाया

ईंट भट्‌ठों की जांच का दिया गया था निर्देश
जिला में किसी भी परिस्थिति में अवैध उत्खनन और परिवहन ना हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश दे रखा है। बालू-कोयले के अवैध उत्खनन सहित क्रशर और ईंट भट्ठों के प्रदूषण, बिजली कनेक्शन आदि की जांच करने कहा गया था। इसके अलावा टीम बनाकर सीओ को संबंधित थाना प्रभारी के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने कहा गया था। मगर साहब और बाबूओं की मेहरबानी से अवैध खनन-परिवहन का खेल बड़े आराम से चल रहा है।

यह भी पढ़ें : झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीट इस बार भाजपा की झोली में आना तय: दीपक प्रकाश

 

अवैध खनन की रोकथाम के लिए यहां बने थे चेक पोस्ट

1. बाघमरी पिकेट, खलारी, मैक्लुस्कीगंज थाना

2. राय चौक पर, खलारी

3. चामा पिकेट के समीप, चान्हो

4. उमेडंडा, बुढ़मू

5. पिठोरिया चौक, कांके

6. ब्लॉक चौक से सिकिदरी जाने वाली सड़क पर, ओरमांझी

7. दशमाईल के पास, नामकुम तुपुदाना ओपी

8. बेड़ो से भरनो जाने वाली सड़क में, बेड़ो

9. गोंदलीपोखर, अनगड़ा
10. बंता मोड, सिल्ली
11. सलगाडीह पिकेट, तमाड़
12. बंडू टोल प्लाजा

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT