देवघर:
देवघर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक सोमवार यानि आज से शुरू हो गई। बैठक में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव को जीतने का बिगुल फूंका गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पदाधिकारियों को टास्क मिला है। इस दौरान दीपक प्रकाश ने कहा है कि केंद्र में पहले से भी ज्यादा मजबूती के साथ भाजपा की सरकार बनना तय है और राज्य में झारखंड फतह करने के लिए भी विशेष रणनीति तय कर दी गई है।

झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीट इस बार भाजपा की झोली में आएगी और विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी। जिसका प्रमाण इसी वर्ष रामगढ़ में होने वाले विधानसभा उपचुनाव जीत कर दी जाएगी। उन्होंने सीएम पर निशाना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीब तबके के लिए कई योजनाएं लाती है लेकिन हकीकत में झारखंड की वर्तमान सरकार धरातल पर उसे नहीं उतार रही है। इस सरकार में भ्रष्टाचार, लूट, बिगड़ती कानून व्यवस्था, जनता की अनदेखी करने वाली इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है। बैठक के माध्यम से आगामी चुनाव फतह करने का मूल मंत्र दिया जा रहा है। इसलिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आज बाबा नगरी देवघर से चुनावी तैयारी का बिगुल फूंक दिया गया है।