द फॉलोअप डेस्कः
दुमका जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां एक 11 वर्ष की बच्ची को घर से उठाने के बाद उसके साथ रेप किया गया। जब वह बेहोश हो गई, तो उसे सूखे हुए कुएं में फेंक दिया। होश आने के बाद जब वह किसी तरह बाहर निकली, तो आरोपियों ने उसके साथ फिर दुष्कर्म किया और उसे फिर कुएं में फेंक दिया। घटना 19 जुलाई की है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

बच्ची की मां ने बताया कि 19 जुलाई की रात बेटी अचानक रोने लगी। पूछने पर उसने बताया कि जब वह घर में अकेली थी तब आरोपी युवक उसके कमरे में घुस गया था और उसे उठा लिया। मुंह में कपड़ा ठूंसकर काली मंदिर के पास ले गया, वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया। बेहोश होने के बाद मिट्टी के कुएं में फेंक दिया। कुएं में लटक रही पेड़ की डाली की सहायता से किसी तरह बाहर निकली तो आारोपित ने दो बार दुष्कर्म करने के बाद फिर से कुएं में फेंक दिया। किसी तरह वह बाहर निकलकर घर आई।

बाल कल्याण समिति के सदस्यों ने मंगलवार की शाम मामले पर स्वत: संज्ञान लिया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका में इलाजरत पीड़िता बच्ची से मुलाकात की और उसकी मां का बयान दर्ज किया। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. अमरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पीड़िता अभी बयान देने की स्थिति में नहीं थी। उसने घटना के बाद जो बात अपनी मां को बताई थी, उसी के आधार पर मां का बयान दर्ज किया।