logo

नये साल पर युवक की तलवार से मारकर हत्या, पिकनिक में गाना बजाने को लेकर हुआ था विवाद

तलवार.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के मडई खुर्द निवासी सूरज कुमार राणा की 1 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे शहर के इंद्रपुरी चौक पर तलवार से मारकर हत्या कर दी गई। 30 वर्षीय सूरज राणा टाइल्स-मार्बल मिस्त्री था। बताया जाता है कि रात करीब 9:00 बजे इंद्रपुरी चौक पर उसकी कुछ युवकों से बहस हुई थी।

बहस के बाद आरोपित युवकों ने सूरज को खींचकर रेडक्रॉस भवन के पास ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे पुनः उठाकर लाल कोठी चौक की ओर ले गए, जहां तलवार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सूरज को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां रात 10:39 बजे उसकी मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पांच वर्ष पूर्व सूरज की शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। इधर मृतक के परिजन कथित तौर से आरोप लगा रहे हैं कि पिकनिक मना कर जब सभी वापस आ रहे थे तो गाने को बजाने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ।

घटना के बाद इंद्रपुरी चौक पर सन्नाटा छा गया। ठंड के कारण चौक पर लोगों की संख्या कम थी, लेकिन हो-हल्ला काफी देर तक सुनाई देता रहा। जब आरोपित युवक सूरज को खींचकर ले जा रहे थे, तभी आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस जब तक खोजबीन करती, तब तक हमला करने वाले युवक अपने मंसूबे में सफल हो गए।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news hazaribagh news hazaribagh khabar hazaribagh update crime news murder news crime khabar