logo

सरायकेला-खरसावां : जंगली हाथियों का कहर जारी, एक को बेरहमी से कुचला; हुई दर्दनाक मौत

hathi_,_,_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कुकड़ू प्रखंड के लेटेमदा ग्राम पंचायत का है, जहां बीती रात एक जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान लेटेमदा निवासी गौरंग महतो उर्फ बुका महतो के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, रात के समय गौरंग महतो जंगली हाथी की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल चांडिल के रेंजर और फॉरेस्टर से संपर्क किया और स्थिति की जानकारी ली। मधुश्री महतो ने वन विभाग को निर्देश दिया कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वन्यजीवों और मानव आबादी के बीच बढ़ते टकराव को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने विभाग को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं। फिलहाल वन विभाग की टीम इलाके में मौजूद है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news saraikhela kharsawan news