logo

परमवीर अलबर्ट एक्का के साथ जंग लड़ चुके पोदना बालमुचू 'न्याय' की खातिर सड़क पर आए, ये हैं मांगें

परमवीर अलबर्ट एक्का के साथ जंग लड़ चुके पोदना बालमुचू 'न्याय' की खातिर सड़क पर आए, ये हैं मांगें

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान जंग में में परमवीर चक्र विजेता अलबर्ट एक्का के साथ मोर्चे पर तैनात भूतपूर्व सैनिक पोदना बालमुचू को न्याय के लिए सड़क पर उतरना पड़ा है। राष्ट्रीय युवा शक्ति के अध्यक्ष उत्तम यादव भी पोदना बालमुचू के मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। राजभवन के समक्ष धरना दे रहे उत्तम यादव ने कहा कि 1965 और 1971 के जंग में पोदना बालमुचू ने परमवीर अलबर्ट एक्का के साथ भाग लिया। उनको गोली लगी लेकिन सरकार ने उनको उचित सम्मान नहीं दिया। 

राष्ट्रीय युवा शक्ति ने मांगों का समर्थन किया
राष्ट्रीय युवा शक्ति ने कहा कि सरकार को अविलंब पोदना बालमुचू की मांगों पर सकारात्मक विचार कर उन्हें पूरा करना चाहिए। पोदना बालमुचू के परिजनों ने कहा कि आज तक उनकी पत्नी और बच्चों को नौकरी नहीं मिली। 5 एकड़ खेतिहर जमीन देने का वादा पूरा नहीं किया। जंग खत्म हुए 52 साल बीत गए लेकिन पेंशन का लाभ नहीं मिला। घर बनाने के लिए जमीन भी नहीं मिली। सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। 

पोदना बालमुचू ने अपमान करने का आरोप लगाया
राजभवन के समक्ष धरना पर बैठे पोदना बालमुचू ने कहा कि मैंने देश के लिए गोली खाई। महज 60 रुपये की तनख्वाह पर देश के लिए लड़ाई लड़ी। पोदना बालमुचू वर्ष 1971 में बिहार रेजीमेंट के सैनिक के तौर पर भाग ले रहे थे। उन्होंने कहा कि मुझे धरना इसलिए देना पड़ रहा है क्योंकि मुझे मेरा हक नहीं मिला। दशकों से सरकार ने वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार के कहने पर मैंने जंग लड़ी। न जाने मेरे कितने साथी शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि सरकार को मुझे परेशान नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगें नहीं मानी तो वह सालभर तक ऐसे ही धरना पर बैठने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मैंने देश के लिए अपनी जान खतरे में डाली लेकिन मुझे त्याग और बलिदान की सजा मिल रही है। पोदना बालमुचू ने कहा कि तब मुझसे वादा किया गया था कि 10 दिन के भीतर आपको जमीन सहित अन्य अधिकार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्होंने 10 दिन में मांगें पूरा करने का वादा किया था लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया। 

जमीन, आवास और नौकरी है मुख्य मांग
पोदना बालमूचू की पत्नी ने कहा कि सरकार ने 5 एकड़ जमीन और सरकारी नौकरी का वादा किया था। घर बनाकर देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि जब पोदना को गोली लगी तो बच्चे काफी छोटे थे। बड़ी मुश्किल से मैंने बच्चों को पाला। उनकी अच्छी शिक्षा-दीक्षा नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया उसे पूरा करना चाहिए। यदि सरकार ने वादा पूरा किया होता तो हमें यहां धरना नहीं देना पड़ता। गौरतलब है कि सेना में रहते हुए पोदना बालमुचू को कई सैन्य सम्मान मिले।