logo

पाकुड़ DC ने शीतलहर को देखते हुए जारी किया आदेश, 4 जनवरी तक बंद रहेंगे 12वीं तक के स्कूल

pakur_DC.jpg

पाकुड़/नंदलाल तुरी

झारखंड में बढ़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), रांची द्वारा जारी भारी ठंड की चेतावनी के बाद पाकुड़ के उपायुक्त (DC) मनीष कुमार ने जिले के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार पाकुड़ जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा KG से कक्षा 12वीं तक पठन–पाठन का कार्य दिनांक 30 दिसंबर 2025 से 04 जनवरी 2026 तक स्थगित रहेगा। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा–163 के अंतर्गत लागू किया गया है।

विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। हालांकि, यदि इस अवधि के दौरान किसी विद्यालय में पूर्व निर्धारित परीक्षा आयोजित है, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकते हैं, बशर्ते विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित सभी आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन द्वारा अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से अपील की गई है कि वे बच्चों को ठंड से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां बरतें तथा प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का अनुपालन करें।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news pakur khabar pakur news pakur update pakur DC news