द फॉलोअप डेस्क
रांची के मोहम्मद अनस ने JEE Advanced 2025 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 42 हासिल कर झारखंड का नाम रोशन किया है। इस साल JEE Advanced का आयोजन आईआईटी कानपुर ने किया था और हाल ही में इसके परिणाम घोषित किए गए। अनस ने शुरुआती पढ़ाई रांची में की है, इसके बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए कोटा का रुख किया। पहले ही चरण में उन्होंने JEE Main 2025 में ऑल इंडिया रैंक 17 हासिल की थी, जिसने उनके आत्मविश्वास को और बढ़ाया।
मोहम्मद अनस ने कहा, 'रांची की गलियों से शुरु हुआ ये सफर अब देश के टॉप इंजीनियरिंग संस्थानों के दरवाजे तक पहुंच गया है'। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका सपना था कि वे IIT में जाएं और उसी दिशा में लागातार मेहनत करते रहे। पढ़ाई के दबाव से निपटने के लिए अनस ने बैडमिंटन को अपना साथी बनाया। उन्होंने कहा 'जब भी पढ़ाई का तनाव बढ़ता था, मैं बैडमिंटन खेलता था। इससे मन तरोताजा हो जाता था और फिर से पढ़ाई में मन लगता था' इसके अलावा उन्होंने झारखंड की ओर से साइंस और मैथेमेटिक्स ओलंपियाड में भी भाग लिया है।
जानकारी हो कि इस बार JEE Advanced 2025 में पहला स्थान राजस्थान के कोटा निवासी रजित गुप्ता ने हासिल किया है। उन्हें 360 में से 332 अंक प्राप्त हुए हैं। गौरतलब है कि JEE Advanced 2025 के लिए आवेदन 23 अप्रैल से 2 मई तक हुए थे और परीक्षा 18 मई को आयोजित की गई थी। परिणाम आने के बाद अब देश भर के टॉप छात्र अपने सपनों की उड़ान भरने के लिए तैयार हैं।