logo

मंत्री सुदिव्य कुमार ने आधुनिक सुविधा वाले पुस्तकालय का किया शुभारंभ

kk002.jpg

गिरिडीह
शनिवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने गिरिडीह जिले के नगर निगम क्षेत्र के झिंझरी मोहल्ला में सिद्धू कान्हों-सह-सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय का शुभारंभ किया। उद्घाटन के पश्चात मंत्री ने पुस्तकालय भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। उपलब्ध किताबों को भी देखा। बच्चों से किताब की जरूरत पर बातचीत की। उपस्थित छात्र-छात्राओं से उनकी तैयारियों के बारे में जाना और आवश्यक सुझाव दिए। संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि इस पुस्तकालय को आधुनिक सुविधायुक्त पुस्तकालय के रूप में विकसित किया जायेगा। इस पुस्तकालय में हर एक प्रकार की प्रतियोगिता परीक्षा की पुस्तकों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी। विभिन्न विषय की पुस्तके मौजूद है जो किसी भी प्रकार के प्रतियोगिता परीक्षा के लिए सहायक सिद्ध होगी। 


यहां छात्र छात्राओं के लिए अलग अलग बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही बिजली, पानी एवं शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि हाईटेक सुविधाओं से परिपूर्ण पुस्तकालय का शुभारंभ सराहनीय प्रयास है। पुस्तकालय में स्कूल, कॉलेज से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं तक सभी प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही धार्मिक और आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी ताकि बुजुर्ग लोग भी इसका लाभ ले सकेंगे। कम उम्र के बच्चों के लिए मनोरंजक पुस्तकें होंगी, जो मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन भी करेंगी। फ्री वाई फाई की सुविधा भी बहल की जायेगी। आने वाले समय में e-learning/distant लर्निंग के माध्यम से पुस्तकालय में कोचिंग क्लास का भी प्रावधान किया जाएगा जिससे ग़रीब बच्चों को लाभ होगा। 


वहीं उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि इतने हाईटेक सुविधाओं से लैस पुस्तकालय का निर्माण किया गया है, जिसमें बच्चें बिना किसी संकोच के आकर अपनी पढ़ाई एक शांत वातावरण में कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सबसे अच्छा समाज वह है जो शिक्षा और स्वास्थ्य पर सबसे ज्यादा निवेश करता है। हमारा प्रयास है कि समाज के सक्षम लोग इन पुस्तकालय को अपनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि पुस्तकालय संचालन हेतु सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों से पुस्तकालय का पूर्ण उपयोग करते हुए इसका फायदा उठाने का सुझाव भी दिया। उपायुक्त ने बच्चों से उक्त पुस्तकालय का अधिक से अधिक सदुपयोग करने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि  मंत्री के सराहनीय प्रयास के कारण आज झिंझरी मोहल्ला में पुस्तकालय भवन निर्माण कर दिया गया है, परंतु इसे जीवंत रूप देने की जिम्मेदारी स्थानीय लोगो की होगी। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest