logo

मनरेगा खत्म करने के खिलाफ सड़क पर उतरा झामुमो, VB GRAM G बिल के विरोध में धनबाद में जोरदार प्रदर्शन

MAN1111.jpg

धनबाद
केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा को रद्द कर VB GRAM G (विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन, ग्रामीण) बिल पास किए जाने के विरोध में आज झामुमो धनबाद जिला की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन एवं एकदिवसीय धरना आयोजित किया गया। प्रदर्शन की अगुवाई जिला अध्यक्ष लखी सोरेन ने की, जबकि संचालन जिला सचिव मन्नू आलम ने किया।
झामुमो कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद मैदान से पैदल मार्च निकालते हुए सड़कों पर विरोध जताया। “केंद्र सरकार हाय-हाय”, “मोदी तेरी मनमानी नहीं चलेगी”, “मनरेगा में महात्मा गांधी का नाम वापस लाओ”, “देश बापू का अपमान नहीं सहेगा” जैसे नारों से पूरा धनबाद गूंज उठा। इसके बाद सभी कार्यकर्ता रणधीर वर्मा चौक पर धरने पर बैठ गए।


वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा जैसी बहुप्रतीक्षित योजना को समाप्त कर गरीबों से 100 दिन के रोजगार की गारंटी छीनने का काम किया है और साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर देश का अपमान किया है। झामुमो ने इसे गरीब, मजदूर और ग्रामीण भारत के खिलाफ फैसला बताया। धरना स्थल पर संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष लखी सोरेन ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब विरोधी और पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना सिर्फ योजना में बदलाव नहीं, बल्कि देश की विचारधारा पर हमला है।
जिला सचिव मन्नू आलम ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में भाजपा कोई ठोस विकास कार्य नहीं कर पाई है, इसलिए योजनाओं, संस्थानों और स्थानों के नाम बदलकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। झामुमो इस मनमानी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।


केंद्रीय सदस्य एवं मीडिया पैनलिस्ट डॉ नीलम मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार विकास देने में विफल रही है और अब नाम बदलकर महापुरुषों का अपमान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की नौकरियां छीनी जा रही हैं और देश की संपत्तियां बेची जा रही हैं।
धरना प्रदर्शन में केंद्रीय सदस्य रमेश टुडू, जग्गू महतो, डब्लू मेहता, तस्लीम अंसारी, जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह, कालीचरण महतो, अकबर अंसारी, जिला प्रवक्ता समीर रवानी, संगठन सचिव मनोज रवानी, कोषाध्यक्ष किशोर मुर्मू, महानगर अध्यक्ष मंटू चौहान, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सूरज महतो, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष आज़ाद महतो, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष अजीमुद्दीन अंसारी सहित सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest