logo

झारखंड की जानी-मानी हॉकी कोच प्रतिमा बरवा का निधन, सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग समेत कई नामी खिलाड़ियों को दे चुकी है प्रशिक्षण

BARWA.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड की प्रसिद्ध हॉकी कोच प्रतिमा बरवा का आज निधन हो गया। बीते दिन उन्हें पैरालिसिस का अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें रांची के पारस हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से झारखंड के खेल जगत में गहरा शोक फैल गया है।

महिला हॉकी को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली कोच प्रतिमा बरवा खूंटी के आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र की मुख्य कोच थीं। उन्होंने झारखंड महिला हॉकी को न सिर्फ राज्य में बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वे पहले सिमडेगा में भी कोच रही थीं और उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया। प्रतिमा बरवा के प्रशिक्षण में कई नामी खिलाड़ी तैयार हुए, जिनमें सलीमा टेटे (अर्जुन पुरस्कार विजेता), संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग, रजनी केरकेट्टा और सुषमा कुमारी शामिल हैं। 

प्रतिमा बरवा के निधन की खबर मिलते ही खिलाड़ी, कोच, खेल अधिकारी और खेल प्रेमी शोक जताने के लिए उमड़ पड़े। खेल विभाग और झारखंड हॉकी संघ ने भी गहरा दुख जताया और कहा कि प्रतिमा बरवा झारखंड हॉकी की नींव और संघर्ष की प्रतीक थीं। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। 


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Hockey Coach Pratima Barwa Death Salima Tete Beauty Dungdung