द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में शुक्रवार सुबह से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। राजधानी रांची में लगातार बारिश हो रही है, जबकि रामगढ़, चतरा समेत कई जिलों में भी सुबह तेज बारिश दर्ज की गई। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। विभाग ने रांची, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

तापमान में आएगी गिरावट, अगले कई दिनों तक बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। इसके बाद भी मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बने रहने की संभावना है। विभाग ने 24 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें लातेहार के बालूमाथ में सबसे अधिक 35 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अल नीनो का दिख रहा असर
एक जून से 18 जून के बीच झारखंड में सामान्य से 59 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में 74.9 मिमी के मुकाबले केवल 30.8 मिमी वर्षा हुई है। गढ़वा जिले में अब तक एक भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं होने से 100 प्रतिशत वर्षा घाटा रिकॉर्ड किया गया है। वहीं डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रशांत महासागर में बन रही अल नीनो की स्थिति और मॉनसून की धीमी रफ्तार राज्य में कम बारिश की प्रमुख वजह है।