logo

झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, मेदिनीनगर में पारा 45 डिग्री पार; रांची समेत इन जिलों में येलो अलर्ट

garmi3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिले तेज धूप और गर्म हवाओं की चपेट में हैं। गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 0.4 डिग्री बढ़ा है। वहीं, जमशेदपुर में 43.1 डिग्री, बोकारो में 41.1 डिग्री और चाईबासा में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को भी रांची सहित गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में दोपहर तक तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर रहेगा। हालांकि मौसम विभाग ने दोपहर बाद कई इलाकों में तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।


रांची में 26 मई तक येलो अलर्ट जारी
राजधानी रांची में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने 26 मई तक दोपहर बाद बादल छाने और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है। मेदिनीनगर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। इससे पहले छह मई 1978 को यहां 47.8 डिग्री और मई 2024 में 47.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने 22 और 23 मई को गढ़वा, पलामू और चतरा जिले में लू चलने की संभावना जताई है।


स्वास्थ्य मंत्री की अपील, अस्पताल हाई अलर्ट पर
भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री Dr. Irfan Ansari ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने दिन में जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलने की सलाह दी है। वहीं, राज्य के सरकारी अस्पतालों, सदर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अस्पतालों में ORS काउंटर, जरूरी दवाइयां, IV फ्लूइड्स, आपातकालीन बेड, कूलिंग सुविधा और मेडिकल टीमों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Tags - Jharkhand Weather Heatwave Weather Update IMD Alert Health Department Summer Alert