logo

झारखंड में छठ का पहला अर्घ्य: घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सिर पर दउरा लेकर पहुंचे हजारीबाग SP

झारखंड में छठ का पहला अर्घ्य: घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सिर पर दउरा लेकर पहुंचे हजारीबाग SP

हजारीबाग

लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja) को लेकर हजारीबाग (Hazaribagh) के विभिन्न जलाशयों (Water Bodies) में आस्था का सैलाब उमड़ा है। छठ पर्व के पहले अर्घ्य यानी अस्ताचलगामी सूर्य (Setting Sun) को हजारीबाग के लाखों लोगों ने अर्घ्य दिया। इस दौरान शहरी क्षेत्र के दर्जनों जलाशयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। बताते चलें कि हजारीबाग की हृदयस्थली कहे जाने वाले झील में जिला प्रशासन (District Administration) द्वारा एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह की अनहोनी को टाला जा सके। आपको बता दें कि अर्घ्य के दौरान एनडीआरएफ की टीम चार बोट (Boats) से लगातार झील में घूमती रही।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार का दिखा अलग अंदाज
वहीं, हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार का एक अलग अंदाज छठ महापर्व के अवसर पर देखने को मिला। आमतौर पर जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की कमान संभालने वाले एसपी अमन कुमार इस बार खुद छठ महापर्व की परंपरा निभाते नजर आए। सिर पर छठ का दउरा लेकर जब एसपी घाट की ओर निकले, तो उनका यह रूप लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। खाकी वर्दी में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस अधीक्षक अमन कुमार छठ महापर्व के अवसर पर आस्था के रंग में रंगे नजर आए। छठ की पारंपरिक परंपरा के अनुसार उन्होंने स्वयं सिर पर दउरा उठाया और श्रद्धा के साथ पर्व की रस्मों में हिस्सा लिया।


साहेबगंज जिला
साहेबगंज में आज पत्नी के साथ घाट पर झामुमो नेता पंकज मिश्रा भी पहुंचे। झामुमो के केंद्रीय सचिव एवं प्रवक्ता पंकज मिश्रा सिर पर डाला लेकर अपनी पत्नी पम्मी मिश्रा के साथ छठ घाट पहुंचे। वहां उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह समेत जिलेवासियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मौके पर यहां हजारों की भीड़ दिखी। 
गढ़वा जिला
छठ महापर्व में आज छठ की छटा गढ़वा जिले में देखने को मिल रही है। आज शहर के दानरो नदी छठ घाट पर लाखों छठ व्रतियों की भीड़ उमड़ी, जहां छठ व्रतियों ने नदी में उतरकर डूबते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। मौके पर सड़क से लेकर घाट तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोई छठ व्रती धरती माता को प्रणाम करते हुए जमीन पर लेटकर घाट पर पहुंच रहा था, तो कोई अपना सूप लेकर। छठ व्रतियों ने कहा कि आज पहला अर्घ्य है। हमलोग घाट पर आकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दे रहे हैं।


सिमडेगा जिला
लोक आस्था के पवित्र महापर्व छठ पूजा के अवसर पर शंख नदी संगम घाट पर श्रद्धा एवं भक्तिभाव का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने सपरिवार सहित सभी छठ व्रतियों के साथ शंख नदी संगम घाट पर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सांध्य अर्घ्य अर्पित किया। इसी प्रकार केलाघाघ डैम, छठ तालाब सहित जिले के सभी छठ घाटों में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से अस्ताचलगामी सूर्य को सांध्य अर्घ्य अर्पित किया।


पाकुड़ जिला
आस्था के महापर्व छठ पूजा का पहला अर्घ्य आज पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। शाम होते ही घाटों की ओर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। चारों तरफ छठी मैया के गीत, शंख-घंटे की आवाज और भक्ति का ऐसा माहौल था, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो उठा। सबसे मन को छू लेने वाला दृश्य तब देखने को मिला, जब व्रती महिलाएं जमीन पर लेट-लेटकर दंडवत करते हुए घाट की ओर जा रही थीं। कई किलोमीटर की इस कठिन यात्रा में भी उनके चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि अटूट आस्था और विश्वास झलक रहा था। बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष श्रद्धालु भी उनके साथ चलकर हौसला बढ़ा रहे थे। लोग रास्ते में पानी छिड़ककर और फूल बिछाकर उनका स्वागत कर रहे थे।

Tags - Chhath Puja First Arghya Hazaribagh Jharkhand Chhath Festival