logo

जामताड़ा में चौकीदार नियुक्ति पत्र का इंतजार, चयनित अभ्यर्थियों ने DC से लगाई गुहार

BHID3.jpg

दीपक झा/जामताड़ा
जामताड़ा जिले में चौकीदार भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद चयनित अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को बड़ी संख्या में सफल अभ्यर्थी समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त (DC) को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि सभी चरण पूरे होने और अंतिम मेधा सूची जारी होने के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है। अभ्यर्थियों ने बताया कि विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चौकीदार भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। 17 फरवरी 2025 को विज्ञापन प्रकाशित हुआ, 27 अप्रैल को लिखित परीक्षा आयोजित की गई और 5 मई को उसका परिणाम घोषित किया गया। इसके बाद 14 और 15 मई को शारीरिक जांच एवं दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि 19 मई को दौड़ का परिणाम जारी किया गया। 19 और 20 मई को शारीरिक माप-तौल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 मई 2025 को 242 अभ्यर्थियों की अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित कर दी गई थी।

हाईकोर्ट से स्टे हटने के बाद भी अटकी प्रक्रिया

प्रतिनिधिमंडल में शामिल दयामय दास, एंथनी किस्कू, जीवन कृष्ण सिंह, अख्तर हसन, बीरबल सोरेन, दिव्या कुमारी, रीना किस्कू, पूजा मुर्मू, सविता सिंह, दिलीप पंडित और जोगननाथ भोक्ता ने बताया कि पहले यह मामला उच्च न्यायालय में लंबित था, जिसके कारण नियुक्ति प्रक्रिया रुकी हुई थी। हालांकि लगभग दो महीने पहले भर्ती पर लगा स्थगन आदेश समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए जाने से अभ्यर्थियों में निराशा है। चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि अंतिम रूप से चयनित होने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने से वे मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई अभ्यर्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और उनका भविष्य इस नौकरी पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य जिलों में इसी भर्ती प्रक्रिया के तहत नियुक्तियां हो चुकी हैं, लेकिन जामताड़ा में मामला अब तक लंबित है।

उपायुक्त ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन

अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि अन्य जिलों की तर्ज पर जामताड़ा में भी नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है और जल्द ही नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

 

Tags - Jamtara News Recruitment News Jharkhand Jobs Chowkidar Recruitment Employment News