logo

पलामू में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध का कर रही थी विरोध 

GUNSHOT.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। मृतका की पहचान सिमरन कुमारी के रूप में हुई है, जो मेदिनीनगर की रहने वाली थी। उसकी शादी इसी साल फरवरी में नौडीहा गांव के विनीत सिंह से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही विनीत सिंह के किसी और महिला से अवैध संबंध थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

सोमवार को भी इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और देर रात विनीत सिंह ने सिमरन को गोली मार दी। सिमरन के सीने में 2 गोलियां लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद विनीत और उसका परिवार घर छोड़कर फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया। पाटन थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Palamu News Palamu Hindi News Palamu Latest News Palamu Crime News