गढ़वा
जिले के केतार प्रखंड के पाचाडुमर गांव स्थित सोन नदी में सोमवार को जल उठाने के लिए गईं तीन लड़कियां स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गईं। ग्रामीणों ने एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो लड़कियां अब भी लापता हैं। ग्रामीणों, स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम द्वारा दोनों की तलाश लगातार की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार के अवसर पर पाचाडुमर गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ सोन नदी में जल उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन लड़कियां नदी में स्नान करने के बाद सेल्फी लेने के दौरान गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक लड़की को नदी से बाहर निकाल लिया। उसे इलाज के लिए भेजा गया है।

स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम कर रही खोज
वहीं, बबलू प्रसाद की पुत्री जूली कुमारी और गीरवर ठाकुर की पुत्री खुशबू कुमारी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। दोनों की तलाश नदी में ग्रामीणों, स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम द्वारा की जा रही है। बताया गया कि दोनों लापता लड़कियां छाताकुंड उच्च विद्यालय में कक्षा नौवीं में पढ़ती हैं। घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही पाचाडुमर सहित आसपास के इलाके में मातम पसर गया। लापता लड़कियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और सभी की निगाहें बचाव अभियान पर टिकी हैं।
