logo

रांची से लंबी दूरी की ट्रेनों की मांग फिर ज़ोरों पर, एसोसिएशन ने मंत्री संजय सेठ से की अपील

train34.jpg

रांची

झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने एक बार फिर रांची से देश के विभिन्न हिस्सों तक सीधी लंबी दूरी की ट्रेन सेवाओं की माँग को प्रमुखता से उठाया है। एसोसिएशन ने रांची के सांसद संजय सेठ और दक्षिण पूर्व रेलवे प्रशासन से आग्रह किया है कि रांची को उत्तराखंड, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों से जोड़ने वाली ट्रेनों की सुविधा शुरू की जाए।
एसोसिएशन ने रांची से देहरादून, गांधीधाम, श्री माता वैष्णो देवी कटरा और डॉ. अंबेडकर नगर के लिए नई ट्रेनों की माँग की है। इसके अलावा गढ़वा और बड़बिल के लिए फास्ट मेमू सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। एसोसिएशन का कहना है कि इन मांगों को सोशल मीडिया और पत्राचार के माध्यम से कई बार उठाया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


झारखंड की राजधानी रांची को देश के बड़े शहरों और राज्यों की राजधानियों से जोड़ने वाली ट्रेन कनेक्टिविटी का अभाव यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बना हुआ है। एसोसिएशन के मुताबिक इन नई ट्रेन सेवाओं से छात्रों, व्यापारियों, श्रमिकों और किसानों को काफी राहत मिलेगी, जो फिलहाल दिल्ली या राउरकेला होते हुए लंबा रास्ता तय करने को मजबूर हैं।
एसोसिएशन ने हटिया-दुर्ग स्पेशल ट्रेन को नियमित करने और उसे नागपुर (इतवारी) तक बढ़ाने, रांची-कामाख्या एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने और रांची-मुंबई के बीच प्रतिदिन ट्रेन चलाने की भी माँग की है। झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कुमार अभिषेक, कोषाध्यक्ष छोटी कुमारी, सचिव नईयर इमाम, उप सचिव रितिक राज और प्रवक्ता सत्यम श्रीवास्तव ने इन मुद्दों को लेकर सांसद संजय सेठ और रांची रेल मंडल से जल्द से जल्द समाधान की अपील की है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest