द फॉलोअप डेस्क
केंद्र सरकार ने अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट दिखाने वाले 25 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें उल्लू और ऑल्ट जैसे चर्चित ऐप्स भी शामिल हैं। यह कार्रवाई आईटी एक्ट 2000 और आईटी नियम 2021 के तहत की गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह कदम गृह मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और बाल अधिकार विशेषज्ञों की सिफारिश पर उठाया है। इन प्लेटफॉर्म्स पर अश्लीलता, अभद्र भाषा और कई मामलों में पोर्नोग्राफी जैसे कंटेंट दिखाने के आरोप थे।
इन ओटीटी ऐप्स को सरकार ने नोटिस भेजकर बंद करने का आदेश दिया है। आदेश के अनुसार, इन्हें ब्लॉक कर दिया जाएगा। प्रतिबंधित ओटीटी प्लेटफॉर्म्स में उल्लू, ऑल्ट, बिग शॉट्स, बूमेक्स, नवरसा लाइट, गुलाब, कंगन, बुल, जलवा, शोहिट, वॉव एंटरटेनमेंट, लुक एंटरटेनमेंट, हिट प्राइम, फेनीओ, शोएक्स, सोल टॉकीज, अड्डा टीवी, हॉटएक्स वीआईपी, देसीफ्लिक्स, हलचल, मूडएक्स, नीयनएक्स वीआईपी, फ्यूगी, मोजफ्लिक्स और ट्रिफ्लिक्स शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि इस तरह की सामग्री युवाओं और बच्चों पर गलत असर डालती है, इसलिए ऐसे प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी थी। सरकार आगे भी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की निगरानी करती रहेगी, ताकि इंटरनेट पर साफ-सुथरा और सुरक्षित कंटेंट उपलब्ध हो सके।
