द फॉलोअप डेस्क
दुमका के जरमुंडी थाना क्षेत्र के जरूवाडीह गांव में 7 जून को एक महिला का शव गोबर के ढेर के नीचे मिला था। अब इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतका की पहचान तालझारी थाना क्षेत्र के रंगाबांध गांव की 28 साल की सुकुरमनी सोरेन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में उसके देवर मंगल मुर्मू (29 साल) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सुकुरमनी और मंगल मुर्मू के बीच देवर-भाभी का रिश्ता था, लेकिन उनके बीच प्रेम संबंध भी बन गया था। सुकुरमनी के पति बाहर काम करते थे, जिससे वह अपने 2 बच्चों के साथ गांव में रहती थी। इसी दौरान उसका रिश्ता देवर से नजदीकी में बदल गया।
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि 4 जून को मंगल ने सुकुरमनी को जरमुंडी रेलवे स्टेशन बुलाया था। दोनों पास के एक मैदान में मिले, जहां गांव के कुछ लोगों ने उन्हें देखा भी था। मंगल चाहता था कि सुकुरमनी उसके साथ भाग जाए, लेकिन सुकुरमनी ने अपने बच्चों का हवाला देकर इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई और सुकुरमनी ने मंगल को थप्पड़ मार दिया। गुस्से में आकर मंगल ने पत्थर से उसके सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को गोबर के ढेर में छिपा दिया।
पुलिस पूछताछ में मंगल मुर्मू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि वह सुकुरमनी से बेहद प्यार करता था, लेकिन जब उसने साथ भागने से मना किया, तो उसने गुस्से में आकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर, सुकुरमनी का पर्स, चप्पल और वोटर आईडी कार्ड बरामद कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि किसी और की भूमिका की भी पुष्टि की जा सके।