logo

शादी से लौट रहे शिक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ACCIDENT12.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। घोडलीली के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार शिक्षक को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में रांची के नामकुम श्रीनगर कॉलोनी निवासी पुनीत कांगड़ (38) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुनीत नामकुम स्थित एक निजी विद्यालय में कार्यरत थे। वे जमशेदपुर के मानगो जवाहरनगर रोड नंबर-6 स्थित अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। परिवार के साथ कार से जमशेदपुर पहुंचने के बाद वे शनिवार रात अकेले बाइक से रांची लौट रहे थे, तभी घोडलीली के पास एनएच-33 पर हादसे का शिकार हो गये।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि पुनीत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना चांडिल थाना पुलिस को दी और घायल को संभालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से पुनीत को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देर रात परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। बताया गया कि पुनीत अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और एक छोटा बच्चा है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इधर, चांडिल थाना पुलिस हिट एंड रन के इस मामले में अज्ञात वाहन और चालक की पहचान में जुट गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news saraikhela kharsawan news road accident news road accident khabar