logo

जमशेदपुर में गैंग बनाकर रंगदारी वसूलने की बड़ी साजिश नाकाम, देशी कट्टा के साथ 3 युवक गिरफ्तार

गैंग.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में कारोबारियों से रंगदारी वसूली की तैयारी कर रहे एक गैंग को पुलिस ने समय रहते धर दबोचा है। आजादनगर के आजादबस्ती रोड नंबर-15 निवासी अयाज उर्फ फैजल द्वारा संचालित इस गैंग के तीन सदस्यों को उलीडीह थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में संगठित अपराध की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार को एसएसपी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक सफेद रंग की आई-20 कार से मानगो से डिमना की ओर जाकर कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी सिटी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में डिमना चौक स्थित डी-चौधरी कॉम्पलेक्स के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान मानगो की ओर से आ रही सफेद आई-20 कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार तीनों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान मो. अमान के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया, जबकि वाहन की तलाशी लेने पर एक बेस बैट, फोल्डिंग चाकू, लोहे का रॉड और एप्पल कंपनी का एक आईफोन मिला। सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उलीडीह थाना क्षेत्र के कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की फिराक में थे और डर पैदा करने के लिए हथियारों को वाहन में छिपाकर रखा गया था।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news jamshedpur news jamshedpur khabar jamshedpur update