द फॉलोअप डेस्क
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने के अंत में होने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के वार्षिक उच्च-स्तरीय सत्र में शिरकत नहीं करेंगे। शुक्रवार को जारी संशोधित वक्ताओं की अनंतिम सूची से यह साफ हुआ है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू होगा और उच्च स्तरीय बैठक 23 से 29 सितंबर तक चलेगी। परंपरा के मुताबिक ब्राजील सबसे पहले और उसके बाद अमेरिका संबोधन देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को वैश्विक नेताओं के सामने अपना पहला भाषण देंगे, जो व्हाइट हाउस में उनके दूसरे कार्यकाल का संयुक्त राष्ट्र मंच से पहला संबोधन होगा।

भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर 27 सितंबर को सभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले जुलाई में जारी सूची में पीएम मोदी का नाम 26 सितंबर के लिए तय किया गया था। उसी दिन इजराइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के शासनाध्यक्ष भी संयुक्त राष्ट्र मंच से भाषण देंगे।
