द इंटरनेशनल डेस्क
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने न्यूयॉर्क की एक अदालत में ड्रग तस्करी, नार्को-टेररिज्म और हथियारों से जुड़े मामलों में खुद को निर्दोष बताया है। मैनहैटन कोर्ट में पेशी के दौरान मादुरो ने कहा, “मैं निर्दोष हूं। मैं दोषी नहीं हूं। मैं एक सभ्य आदमी हूं और अपने देश का राष्ट्रपति हूं,” हालांकि इस बयान के दौरान जज ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। मादुरो की पत्नी सिलिया फ्लोरेस ने भी सभी आरोपों से इनकार किया। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 17 मार्च को तय की है। मादुरो की ओर से मशहूर वकील बैरी पोलैक पैरवी कर रहे हैं, जो इससे पहले विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे का बचाव कर चुके हैं।
अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, मादुरो एक ऐसे संगठन का संचालन कर रहे थे, जिसने अमेरिका में हजारों टन कोकीन भेजी और व्यापक भ्रष्टाचार के जरिए उनके परिवार को लाभ पहुंचाया। उन पर नार्को-टेररिज्म, कोकीन आयात और मशीन गन रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

बताया गया है कि अमेरिकी बलों ने शनिवार तड़के वेनेजुएला की राजधानी काराकास में मादुरो के परिसर से उन्हें हिरासत में लिया। इस कार्रवाई ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी और अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। सुनवाई से पहले कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। कुछ लोग मादुरो और उनकी पत्नी की रिहाई की मांग कर रहे थे, जबकि कुछ ने “USA hands off Venezuela” जैसे नारे लिखी तख्तियां उठा रखी थीं।
इस बीच, मादुरो की पूर्व उप-राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिका के साथ सहयोग की पेशकश की है और उन्हें वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। मामले का असर आर्थिक मोर्चे पर भी दिखा। अमेरिका में सूचीबद्ध कुछ बड़ी तेल कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई, वहीं वेनेजुएला के बॉन्ड्स की कीमतों में भी उल्लेखनीय उछाल आया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर आगे और सख्त कदम उठाने के संकेत भी दिए हैं।
