द फॉलोअप डेस्क
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के उत्तरा इलाके में सोमवार को हुए भीषण विमान हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस दुर्घटना में 60 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में बांग्लादेश एयरफोर्स के ट्रेनिंग फाइटर जेट का पायलट भी शामिल है।
यह हादसा सोमवार दोपहर 1:18 बजे उस समय हुआ, जब बांग्लादेश वायुसेना का एक प्रशिक्षु फाइटर जेट उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गया और नियंत्रण खो बैठा। जेट उत्तरा के माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज की इमारत पर आ गिरा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तकनीकी खराबी बना हादसे की वजह
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क खो बैठा और हवा में स्थिर हो गया। पायलट को तत्काल विमान छोड़ने का निर्देश दिया गया था, लेकिन विमान की ऊंचाई बहुत कम होने के कारण पायलट को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पायलट मोहम्मद तौकीर इस्लाम विमान से बाहर निकल सके या नहीं।
राहत और बचाव अभियान जारी
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों के लिए फायर सर्विस की आठ यूनिट – उत्तरा, टोंगी, पल्लबी, कुर्मीटोला, मीरपुर और पुर्बाचल से – मौके पर पहुंचीं। सेना के जवानों और फायर ब्रिगेड की टीमों ने कई घायल छात्रों और नागरिकों को मलबे से निकाला और उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में घटनास्थल पर मची भगदड़ और बचाव कार्य की झलकियां देखी जा सकती हैं। कुछ वीडियो में घायल छात्रों को स्ट्रेचर पर ले जाते हुए दिखाया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या में और इज़ाफा हो सकता है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और वायुसेना की एक विशेष टीम मामले की छानबीन कर रही है।
