द फॉलोअप डेस्क
नेपाल में जलप्रलय हुआ। पहाड़ से उतरा सैलाब पूरा कस्बा साथ बहा ले गया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि शांत बह रही नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। पहाड़ों से उतरा पानी का तेज बहाव, रास्ते में जो आया बहा ले गया। तस्वीरें रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ की है। इस बाढ़ में बड़ी संख्या में लोगों के बह जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि इस बाढ़ की चपेट में कई बाजार, गांव और जलविद्युत परियोजनाएं आई हैं। राहत और बचाव के लिए सेना तैनात कर दी गई है। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच डैम का पानी छोड़े जाने से भोटेकोशी नदी में अचानक बाढ़ आ गई। आप वीडियो में लोगों को चिल्लाकर तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सचेत करने का प्रयास करते सुन सकते हैं।

व्यापक पैमाने पर जानमाल का नुकसान
एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ से उतरा पानी का विशाल सैलाब बहुत खौफनाक अंदाज में तेजी से नदी के रास्ते नीचे की ओर बढ़ रहा है। सैलाब इस दौरान अपने साथ पेड़ और चट्टान सहित भारी मात्रा में मलबा बहाकर ले जा रहा है। तस्वीरों से साफ है कि व्यापक पैमाने पर जानमाल का नुकसान हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रित होने के बाद ही इसका आकलन किया जा सकेगा।

तिब्बत की ऊंची पहाड़ियों में नदी का उद्गम
गौरतलब है कि तिब्बत के ऊंचे पहाड़ों से निकलकर संकीर्ण घाटियों से होते हुए भोटेकोशी नदी नेपाल में प्रवेश करती है। अपने तीव्र प्रवाह के कारण यह नदी रिवर राफ्टिंग और बंजी जम्पिंग के लिए दुनियाभर के पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। तेज प्रवाह की वजह से ही इस नदी में कई जलविद्युत परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है। तिब्बत क्षेत्र में भारी बारिश के कारण भोटेकोशी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। नेपाल के रसुवा और आसपास के इलाकों में प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की चेतावनी दी है। अब 26 अगस्त के जलप्रलय में भारी नुकसान का अनुमान है।